साउथ अफ्रीका की विदेश में सबसे बड़ी जीत, 358 रन बनाकर भी हारी टीम इंडिया, बेकार गए विराट-रुतुराज के शतक
भारतीय क्रिकेट टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ 3 मैच की सीरीज अब 1-1 से बराबरी पर है।
रायपुर: भारतीय क्रिकेट टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में भले ही टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बोर्ड पर लगाए, लेकिन इसके बावजूद भी भारतीय गेंदबाज मैच को बचा नहीं पाए और आखिरी ओवर में ही साउथ अफ्रीका की टीम जीत गई। साउथ अफ्रीका की जीत के हीरो एडेन मार्करम रहे, जिन्होंने 110 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। चेज करते हुए विदेश में यह साउथ अफ्रीका की सबसे बड़ी जीत है। वहीं यह टीम इंडिया की साल 2025 में घर में पहली वनडे हार भी है।
एडेन मार्करम के शतक ने किया काम खराब
भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 358 रन जरूर बनाए थे, लेकिन एडेन मार्करम की शतकीय पारी से टीम इंडिया मैच में पिछड़ गई। मार्करम के अलावा मैथ्यू ब्रीट्जके ने भी 68 रन की पारी खेली। इसके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 54 और टेम्बा बावुमा ने 46 रन की पारी खेली। भारत के लिए अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट जरूर लिए, लेकिन इस मैच में ज्यादातर गेंदबाजों को मार ही पड़ी है।
टीम इंडिया ने बोर्ड पर टांगे थे 358 रन
विराट कोहली के लगातार दूसरे शतक और रुतुराज गायकवाड़ के करियर के पहले शतक से भारत ने बुधवार को यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में पांच विकेट पर 358 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। कोहली (102 रन, 93 गेंद, सात चौके, दो छक्के) और गायकवाड़ (105 रन, 83 गेंद, 12 चौके, दो छक्के) ने शतक जड़ने के अलावा तीसरे विकेट के लिए 195 रन की सझेदारी भी की जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल में इस विकेट की भारत की सबसे बड़ी साझेदारी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें